लंबे राजनीतिक घमासान के बाद बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रणौत मुंबई से अपने होमटाउन मनाली के लिए रवाना हो गई हैं। नौ सितंबर को जब कंगना मुंबई आई थीं तो उनके आने के बाद महाराष्ट्र की राजनीति गरमा गई थी। अब मनाली जाते-जाते एक बार फिर से अभिनेत्री ने मुंबई शहर की तुलना पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) से कर दी है।
कंगना रणौत सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाली अभिनेत्रियों में से एक हैं। उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर पीओके की बात को दोहराया है। मुंबई से रवाना होते हुए कंगना रणौत ने ट्विटर पर दो ट्वीट लिखे हैं। इन दोनों की ट्वीट में उन्होंने महाराष्ट्र सरकार और शिवसेना पर निशाना साधा है। साथ ही अपनी पीओके की बात को भी सही ठहराया है।
कंगना रणौत ने अपने पहले ट्वीट में लिखा, ‘भारी मन के साथ मुंबई से जा रही हूं। जिस तरह से मुझे इन दिनों लगातार हमलों से आतंकित किया गया और गालियां दी गईं, मेरे ऑफिस के बाद घर को तोड़ने की कोशिश की गई, मेरे चारों ओर घातक हथियारों के साथ सतर्क सुरक्षा। कहना होगा कि पीओके वाली मेरी बात सही थी।’ कंगना रणौत ने कुछ पक्तियां लिखकर भी शिवसेना पर निशाना साधा।