कोरबा। पुणे में आयोजित 19वां सांस्कृतिक कला मंच प्रदर्शन में जिले की नन्हीं नृत्यांगना अश्विका ने उम्दा प्रस्तुति देते स्पर्धा में तृतीय स्थान प्राप्त किया। अश्विका को इस स्पर्धा में चेयरमैन अवार्ड से भी सम्मानित किया गया है। अपने प्रदर्शन के बूते अश्विका का चयन थाइलैंड में होने वाली अंतर्राष्ट्रीय स्पर्धा के लिए किया गया है, जहां वह देश का मान बढ़ाने कड़े अभ्यास में जुट गई है।
21 से 24 मई तक हुए पुणे के राष्ट्रीय आयोजन में डीपीएस एनटीपीसी कोरबा की कक्षा पांचवी की छात्रा अश्विका साव ने राष्ट्रीय स्तर पर भाग लिया। उसने कत्थक जूनियर नृत्य एकल में तृतीय स्थान प्राप्त किया। देशभर के विभिन्न राज्योें से आए कलाकारों ने भाग लिया। इसमें अन्य वर्गीकरण कर कला का प्रदर्शन किया गया। निर्णायक गण द्वारा अश्विका का शास्त्रीय व अर्धशास्त्रीय नृत्य में तृतीय स्थान व चेयरमेन अवार्ड से सम्मानित किया गया। अश्विका बचपन से ही नृत्य व खेल में भाग ले रही है और विशेष स्थान प्राप्त कर चुकी है। वह अपने गुरु व संगीत शिक्षक रंजीत से नृत्य की बारीकियों का अभ्यास कर रही है। अश्विका पिछले पांच वर्ष से नृत्य का अभ्यास कर रही है। अब अंतरराष्ट्रीय नृत्य कला में भाग लेने के लिए थाईलैंड पटाया जाएगा। जहां दिसंबर अंतिम सप्ताह में यह स्पर्धा आयोजित होगी, जिसमें वह भारत का प्रतिनिधित्व करेगी। पिछले छह वर्षों से कथक सीख रही अश्विका लखनऊ घराने से कथक की बारीकियां सीख रही अश्विका ने बताया कि वह नृत्य के क्षेत्र में ही आगे बढ़ना चाहती है। कला की आराधना में जीवन समर्पित कर इसी दिशा में अपने कॅरियर को बुलंदियों पर ले जाने वह कड़ा परिश्रम कर रही है। उनकी मां श्रीमती गायत्री साहू डीएवी पब्लिक स्कूल एसईसीएल कुसमुंडा में शिक्षिका हैं और खेल विभाग की प्रभारी हैं। उनके पिता हरि साव रायपुर में निजी क्षेत्र में कार्यरत हैं। अश्विका ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरु रंजीत नायक को दिया है।