रायपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख और सरसंघचालक डा. मोहन भागवत 10 से 12 सितंबर तक तीन दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ आएंगे। वे राजधानी के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट के पास स्थित जैनम भवन में संघ की 10 से 12 सितंबर तक चलने वाली अखिल भारतीय समन्वय समिति की बैठक में शामिल होंगे। इसमें संघ के नए एजेंडे और पुरानी योजनाओं पर सक्रियता बढ़ाने को लेकर चर्चा होगी।
भाजपा के राष्ट्रीय स्तर के नेता भी हो सकते हैं शामिल
इसमें संघ के विभिन्न् अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ-साथ भाजपा के राष्ट्रीय स्तर के नेता भी शामिल हो सकते हैं। संघ की अपने तरह की यह पहली बैठक है, जब प्रदेश में मोहन भागवत तीन दिन तक कार्ययोजनाओं पर चर्चा करेंगे।
संघ कार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले समेत पांच सह सरकार्यवाह डा. कृष्ण गोपाल, डा. मनमोहन वैद्य, रामदत्त चक्रधर, मुकुंदा और अरुण कुमार, अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख रामलाल, अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर भी शामिल होंगे। बैठक में संघ से जुड़े 37 संगठनों के राष्ट्रीय अध्यक्ष, महामंत्री और संगठन मंत्री शामिल होंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी इस बैठक में शामिल हो सकते हैं।













