उत्तर प्रदेश की हाथरस घटना पर लगातार योगी सरकार निशाने पर है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी इस मुद्दे को लेकर सरकार पर हमलावर हो रहे हैं। शनिवार को राहुल गांधी ने एक बार फिर हाथरस जाने को कहा है। ऐसे में उत्तर प्रदेश सरकार ने राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया है। सरकार के प्रवक्ता सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा है कि हाथरस को राहुल और प्रियंका पर्यटन स्थल बनाने का प्रयास कर रहे हैं।
सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा है कि कांग्रेस शासित राज्यों में यूपी से ज्यादा हालात खराब हैं। उन्होंने एनसीआरबी के आंकड़ों के आधार पर कहा कि राहुल और प्रियंका पहले कांग्रेस शासित राज्यों की स्थिति देखें, जहां पर अपराध दर ज्यादा है और सजा की दर कम है।
‘राजस्थान की स्थिति संभालें राहुल-प्रियंका’
सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा, ‘राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को जवाब देने की जरूरत है। उन्होंने सोच लिया है कि हाथरस में जाकर अपनी एक और पर्यटन यात्रा पूरी करनी है। राष्ट्रीय अपराध ब्यूरो के अनुसार, अपराध दर और दोष सिद्ध के मामले में उनके राज्यों की स्थिति बहुत खराब है और खासकर उनके राजस्थान में।’