The Duniyadari: रायगढ़– शहर के चक्रधरनगर चौक के पास मंगलवार देर शाम एक ओवरलोड ट्रेलर के पलटने से सड़क पर आयरन पेलेट (गोली) बिखर गया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हो गया। जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और मार्ग को साफ कराया।
जानकारी के अनुसार ट्रेलर वाहन क्रमांक CG 13 AK 4986 का चालक प्रतिबंधित क्षेत्र में खतरनाक तरीके से वाहन चलाते हुए प्रवेश कर गया। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें लोड आयरन पेलेट सड़क पर फैल गया। घटना की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह को मिलने पर उन्होंने थाना चक्रधरनगर पुलिस को तत्काल मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था सुचारू करने के निर्देश दिए।
निर्देश मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन की मदद से रात में ही सड़क पर बिखरे आयरन पेलेट को हटवाकर मार्ग को साफ कराया गया, जिससे यातायात सामान्य हो सका।
मौके पर ट्रेलर चालक पुष्पराज साहू (25 वर्ष), निवासी ग्राम सिलवार थाना जोगीपहरी जिला सीधी से पूछताछ की गई। वाहन का वजन कराने पर उसमें निर्धारित क्षमता से करीब 25 टन अधिक आयरन पेलेट लोड पाया गया। इसके अलावा जांच में वाहन का बीमा भी नहीं होना सामने आया।
मामले में चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184, 115/194, 113/194(1) और 146/196 के तहत थाना चक्रधरनगर में इस्तगासा क्रमांक 663/2026 दर्ज कर कार्रवाई की गई।
इसी दौरान देर रात पुलिस ने प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने वाले अन्य भारी वाहनों पर भी कार्रवाई की। इनमें हाईवा 12 चक्का क्रमांक CG 13 BC 6434, ट्रक (डालाबाड़ी) क्रमांक OD 09 K 4445 और ट्रक 12 चक्का क्रमांक OD 09 Q 2601 शामिल हैं। इन वाहनों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत क्रमशः इस्तगासा क्रमांक 664/2026, 665/2026 और 666/2026 दर्ज किया गया। चारों वाहन चालकों को आज न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस ने बताया कि रायगढ़ शहर के निर्धारित प्रतिबंधित क्षेत्रों में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक है। ऐसे क्षेत्रों में वाहन पाए जाने पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत भारी जुर्माना और वैधानिक कार्रवाई का प्रावधान है। सड़कों पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा आगे भी लगातार जांच अभियान चलाया जाएगा।
संपूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक राकेश मिश्रा, थाना प्रभारी चक्रधरनगर, प्रधान आरक्षक संजय तिवारी और अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
































