The duniyadari news।मुरादाबाद के सिविल लाइंस के प्रकाश इंक्लेव में नेहा गुरुवार को भी छह घंटे ससुराल के बाहर धरने पर बैठी रही। पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने महिला से बातचीत कर उसका पक्ष जाना। इसके बाद अफसरों ने उसे ससुराल में जबरन प्रवेश दिलवाने से साफ इंकार कर दिया। कहा कि वह लिखित में शिकायत करें। तब ही कार्रवाई की जाएगी। गुरुवार शाम महिला ने सीओ दफ्तर में प्रार्थना पत्र देकर ससुराल में भिजवाने की गुहार लगाई है। 17 घंटे पति के घर के बाहर धरना देने के बाद भी उसे प्रवेश नहीं मिल पाया।
प्रकाश इंक्लेव निवासी मनीष डोडा की शादी अलीगढ़ निवासी नेहा के साथ 18 अप्रैल 2017 को हुई थी। पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा है। जिस कारण नेहा करीब एक साल से अपने मायके में रह रही है। बुधवार सुबह करीब ग्यारह बजे नेहा अपनी बच्ची रियांशी को लेकर ससुराल पहुंची थी, लेकिन सास-ससुर ने गेट नहीं खोला था। नेहा ने कहा कि उसने करवाचौथ का व्रत रखा है। अपने पति से मिलने आई है।
दरवाजा नहीं खोला गया तो नेहा वहीं धरने पर बैठ गई थी। रात साढ़े दस बजे तक लगभग 11 घंटे वह वहीं बैठी रही। मां बेटी को ठंड में बैठा देख पड़ोसियों ने उसे अपने घर में शरण दी। गुरुवार सुबह दस बजे फिर से महिला ससुराल के बाहर बैठ गई। इसकी जानकारी मिलने पर एएसपी कुलदीप सिंह गुनावत और थाना प्रभारी नवल मारवाह मौके पर पहुंच गए।