न्यूज डेस्क।आगरा के थाना शाहगंज की सीओडी काॅलोनी निवासी चिकित्सक डाॅ. कनिका भदकारिया रविवार को आगरा पहुंच गईं। वह शुक्रवार को लापता हुई थीं। शनिवार को वह बिहार में मिल गई थीं। पुलिस की पूछताछ में उन्होंने यही कहा कि वे अखंड विशाल हनुमान मंदिर दर्शन करने जा रही थीं। मोबाइल खराब होने से परिवार के लोगों को नहीं बता सकीं।

 

डाॅ. कनिका भदकारिया स्त्री रोग विशेषज्ञ हैं। उनके पिता रामजीलाल लेदर व्यापारी हैं। बड़ी बहन डाॅ. त्रिशाला ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बताया था कि शुक्रवार शाम को कनिका कार से निकली थीं। रात में अनजान नंबर से काल करके देर से आने की बात कही। बाद में मोबाइल बंद आया। पुलिस ने फास्टैग से लोकेशन पता की।

एसीपी लोहामंडी गिरीश कुमार ने बताया कि शनिवार की शाम को पुलिस ने उनकी कार को वाराणसी से आगे बिहार बार्डर स्थित मोहनिया टोल पर रुकवाया था। वह कार में अकेली थीं। पुलिस टीम बिहार के बार्डर पर पहुंची। रविवार की शाम 5 बजे वापस लेकर आईं। डाॅ. कनिका के घर में 5 चिकित्सक हैं। एक भाई से विवाद चल रहा है। यह विवाद पुलिस के पास भी पहुंच चुका है।

हाईवे पर 750 किलोमीटर चलाई कार
पुलिस की पूछताछ में डाॅ. कनिका ने बताया कि उन्होंने हाईवे पर तकरीबन 750 किलोमीटर कार चलाई थी। शुक्रवार को कार से कानपुर पहुंचीं। कुछ देर रुकने के बाद आगे चल दीं। प्रयागराज में पहुंचकर रुक गईं। डाॅ. कनिका ने यही बताया कि वह बिहार में अखंड विशाल हनुमान मंदिर में दर्शन के लिए निकली थीं। इसके अलावा कुछ नहीं बताया।