राष्ट्रीय जनता दल के नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के प्रत्याशी नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार को डबल इंजन की सरकार कहकर ताना कसते हैं। तेजस्वी यादव के इस राजनीतिक तंज पर राजद प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने बिहार की अस्मिता का रंग चढ़ा दिया है। लालू प्रसाद ने नारा दिया है, ‘ठेठ बिहारी, करो तैयारी’। तेजस्वी यादव का कहना है कि इस नारे के बल पर वह बिहार के लोगों का स्वाभिमान जगाएंगे और कांग्रेस, वामदल तथा राजद के सहयोग से 10 नवंबर के बाद सरकार बनाएंगे।
लोजपा के चिराग पासवान के कदम का है इंतजार
राष्ट्रीय जनता दल के नेता पिछले तीन दिन से चिराग पासवान के अगले कदम का इंतजार कर रहे हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को चिराग पासवान का रवैया बर्दाश्त नहीं है। चिराग को संतुलित करने के लिए ही कड़वा घूंट पीकर नीतीश कुमार ने हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के जीतनराम मांझी (महादलित समुदाय) को जद (यू) और भाजपा के साथ फिर जोड़ा। यह वही मांझी हैं, जिन्हें नीतीश कुमार ने 2014 के लोकसभा चुनाव में हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए कुछ महीनों का मुख्यमंत्री बनाया था। बाद में इस्तीफा ले लिया और मांझी ने नई पार्टी बनाई। मांझी कई साल तक महागठबंधन के साथ रहे, मिलकर लोकसभा चुनाव लड़े और अब एनडीए में शामिल हो गए हैं। राजद के नेताओं को पहले से पता है कि लोजपा एनडीए से अलग हो सकती है।