BREAKING : देश में आक्रोश के बीच भाजपा विधायक बोले- लड़कियों को अच्छे संस्कार देने पर रुकेंगी दुष्कर्म की घटनाएं …..

0
141

नई दिल्ली। भाजपा नेता तथा विधायक सुरेंद्र सिंह ने हाथरस सामूहिक दुष्कर्म प्रकरण व हत्या मामले को लेकर आक्रोश के बीच चौंकाने वाला बयान दिया है। भाजपा नेता तथा बलिया विधायक सुरेंद्र सिंह ने कहा कि लड़कियों को अच्छे संस्कार देने पर ही देश में दुष्कर्म की घटनाएं रुकेंगी।
दरअसल हाथरस प्रकरण पर अपनी प्रतिक्रिया बताते हुए सरेंद्र सिंह ने यह बयान दिया है। सुरेंद्र सिंह से पूछा गया था कि रामराज्य शुरू है, लेकिन ऐसे रामराज्य में भी दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ रही है। इस पर सिंह ने कहा कि मैं विधायक तो हूं ही लेकिन एक शिक्षक भी हूं।
ऐसी घटनाएं अच्छे संस्कार से रुक सकेंगी, सरकार तलवार लेकर खड़ी भी रहे तो इन्हें नहीं रोका जा सकता। सुरेंद्र सिंह ने आगे कहा कि जैसे सरकार की ड्यूटी सुरक्षा प्रदान करने की है, वैसी ही माता-पिता की जिम्मेदारी है कि वे अपने बच्चों को अच्छे संस्कार दे। सरकार व संस्कार के संयुक्त प्रयासों से ही ये देश सुंदर बनेगा। इससे इतर कोई दूसरा रास्ता नहीं है।