जबलपुर,। Durga Pratima मध्य प्रदेश शासन ने दुर्गोत्सव मनाने की अनुमति तो दे दी है। लेकिन दुर्गा प्रतिमाओं के संदर्भ में गाइडलाइन जारी करते हुए छह फीट से अधिक ऊंची प्रतिमाओं पर प्रतिबंध लगा दिया है। दूसरी ओर जिले में मूर्तिकारों ने पहले से ही छह फीट से ऊंची कई प्रतिमाएं ऑर्डर पर बना ली हैं। अब दुर्गा समितियों सहित मूर्तिकारों के सामने असमंजस की स्थिति है। उन्हें समझ नहीं आ रहा क्या करें। जबलपुर से ही आसपास के जिलों में भी प्रतिमाएं जाती हैं। लेकिन अब मूर्तिकारों के सामने समस्या खड़ी हो गई। यह तैयारी लगभग दो से तीन माह पूर्व शुरू हो जाती है। जिसमें मूर्तिकारों का पूरा परिवार एक साथ काम करता है। इस बार अधिक प्रतिमाएं तो नहीं लेकिन ऑर्डर पर जरूर कुछ प्रतिमाएं छह फीट से अधिक ऊंची बन चुकी हैं। जिन्हें अब मूर्तिकार खंडित नहीं करना चाह रहे हैं।
शासन ने मदद की नहीं छीन रहे रोजगार
प्रतिमाएं छह फीट से ऊंची बन जाने के संदर्भ में नईदुनिया की पड़ताल में मूर्तिकारों का कहना है कि कोरोनाकाल में अब तक मूर्तिकारों को शासन-प्रशासन से किसी प्रकार की मदद नहीं मिली। गणेश पर्व भी चला गया जब मूर्तिकारों ने प्रशासन का साथ दिया लेकिन अब प्रशासन उनके रोजगार छीनने का काम कर रहा है। प्रतिमाएं बड़ी हो या छोटी उससे कोरोना नहीं फैलता। इसके लिए समिति और प्रशासन को व्यवस्थाएं करनी पड़ेंगी कि भीड़ इकट्ठी न हो।