कोरबा। सर्पदर्श से जिंदगी और मौत से लड़ रहे दंपत्ती को डॉक्टर की वजह से नया जीवन मिला है। जहरीले सांप के डसने से परिजनों ने गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया था। अस्पताल में भर्ती दंपती के बचने की उम्मीद छोड़ चुके परिवारजनों के लिए डॉ. विशाल राजपूत की टीम के उपचार ने आशा की किरण जगा दी और अथक प्रयास के बाद दोनों को मौत के मुंह से वापस ले आये। परिवार के लोगों ने डॉ. को धन्यवाद दिया है।
कहते है डॉक्टर भगवान का दूसरा रूप है ये साबित कर दिखाया है जिला अस्पताल में पदस्थ डॉ. विशाल राजपूत की टीम ने जिन्होंने सर्पदंश से मौत के दरवाजे पर पहुंच चुके दंपती को बचाने अपनी पूरी ताकत झोंक दी और आखिरकार दोनों स्वस्थ्य हो गए है। बता दें कि कोरबा में सोते वक्त शहर से सटे दादर गांव में पति राजकुमार अपनी पत्नी राजकुमारी के साथ बिस्तर पर सो रहा था। रात को करीब 2 बजे राजकुमारी को करैत सांप ने काट लिया। उस वक्त तो उसे लगा कि किसी कीड़े ने काट लिया है। वो तुरंत बिस्तर से उठ खड़ी हुई। पत्नी को उठा हुआ देख राजकुमार भी उठ गया, तभी उसके हाथ में भी सांप ने काट लिया। इस पर उसे इतना गुस्सा आया कि उसने करैत को वहीं डंडे से पीट-पीटकर मार डाला और उसमें आग लगा दी। घटना का पता चलते ही परिजनों ने 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों पति-पत्नी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां दोनों की हालत गंभीर बनी हुई थी। दोनों का इलाज ICU में चल रहा था। आईसीयू में उपचार करा रहे दंपति की बचने की उम्मीद कम थीं। अथक प्रयासों के बाद डॉक्टर विशाल राजपूत और उनकी चिकित्सकीय टीम का उपचार काम कर गया और आख़िरकार मौत से जूझ रहे दंपति स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो गए हैं। दंपती के परिवारजनों ने डॉक्टर को जीवन बचाने के लिए धन्यवाद दिया हैं।