KORBA: लेमरू में लगी एसपी की जन चौपाल..शिकायतें सुनीं और समाधान भी…

158

कोरबा। सुदूर वनांचल क्षेत्र देवपहरी में सोमवार को पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह ने जन चौपाल लगाकर लोगों की फरियाद सुनी और उनके निराकरण के लिए विभाग की अफसरों को निर्देश दिए।

इस दौरान जन चौपाल में उपस्थित जन समूह को संबोधित करते हुए एसपी ने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान में कोरबा पुलिस और प्रशासन लगातार प्रयासरत है। शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही एवम समाधान थाना स्तर पर किया जा रहा है। समाधान से असंतुष्ट होने की स्थिति में बहुत से ग्रामीण जन जिला मुख्यालय में अपनी शिकायतें लेकर आते हैं।

 

इसे दूर करने शिकायतों के समाधान व प्रभावी कानून व्यवथा स्थापित करने के लिए समय समय पर जन चौपाल लगाकर मौके पर ही शिकायतों का समाधान किया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि अवैध नशे की लत परिवार को आगे बढ़ने से रोकती है। नशे के आदि लोग अपने कमाई का बड़ा हिस्सा नशे पर खर्च करते हैं, जिससे जहां परिवार का विकास प्रभावित होता है।

 

0.नशे से दूर रहने की समझाइश

एसपी समझाइश देते हुए कहा कि इससे बच्चों का भविष्य खराब होता है, वहीं पारिवारिक क्लेश बढ़ता है। जिसके परिणाम स्वरूप व्यक्ति अपराध की ओर अग्रसर होता है। उन्होंने कहा, अपराधिक घटनाओं के अध्ययन से पाया गया है की नशे की लत के कारण ही अधिकांश अपराध हुए हैं। सड़क दुर्घटनाओं में करीब 40 प्रतिशत मामले नशे की हालत में घटित होना पाया गया है।

नशा और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर ही व्यक्ति अपना सर्वांगीण विकास कर सकता है। उन्होंने जनता को कोरबा पुलिस द्वारा संचालित निजात अभियान के बारे में बताते हुए कहा कि नशे से छुटकारा से जहां सामाजिक जीवन स्तर ऊंचा होगा,वहीं अपराध में भी कमी आएगी। जन चौपाल को चैंबर ऑफ कॉमर्स कोरबा के अध्यक्ष योगेश जैन, राम सिंह अग्रवाल,पत्रकार अनिल अग्रवाल ने भी जनसमूह को संबोधित किया।

इस अवसर पर योगेश जैन, रामसिंह अग्रवाल, थाना प्रभारी लेमरू आशीष सिंह, पत्रकार अनिल अग्रवाल के सहयोग से अंदरूनी गांवों से आए महिलाओं, बच्चों  को कंबल वितरित किया गया। कार्यक्रम का संचालन हरिशंकर यादव ने किया।

0.पर्यटन केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

नववर्ष के अवसर पर पर्यटन स्थलों पर होने वाले भीड़ की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संतोष सिंह द्वारा देवपहरी और सतरेंगा का निरीक्षण कर थाना प्रभारी लेमरू आशीष सिंह और अफसरों को सुरक्षा ब्यवस्था के निर्देश दिए।