Tuesday, March 3, 2026
Home कोरबा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर कलेक्टर, एस.पी. के साथ काया को निरोग करने...

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर कलेक्टर, एस.पी. के साथ काया को निरोग करने लोगों ने किया योग

278

कोरबा ।अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज घंटाघर स्थित डॉ भीमराव अंबेडकर ओपन थियेटर में जिला स्तरीय योग प्रदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलेवासियों ने स्वस्थ तन, खुशहाल मन और सकारात्मक ऊर्जा के संचार के लिए अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिव कला कंवर, नगर निगम महापौर  राजकिशोर प्रसाद, कलेक्टर श्रीमती रानू साहू, पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल सहित जनप्रतिनिधियों, स्कूली बच्चों और नागरिकगणों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। अंतराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर महापौर राजकिशोर प्रसाद ने कहा कि स्वस्थ तन और उत्साहित मन के लिए योग को अपने जीवनचर्या में शामिल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को स्वयं योग करने के साथ ही अपने परिचितों को भी योग के लिए प्रेरित करना चाहिए। कहा कि योग मन को शांत करता है, जो शरीर के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग अत्यंत तनावग्रस्त रहते हैं, जिससे बीमारियों से घिर जाते हैं। समय के अभाव के कारण वे अपने स्वास्थ्य पर भी ध्यान नहीं दे पाते। स्वस्थ रहने के लिए योग करके भी स्वस्थ जीवन का आनंद लिया जा सकता है। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिवकला कंवर ने आज की जीवनशैली में अच्छे स्वास्थ्य के लिए योग को अत्यंत आवश्यक बताया। उन्होने शरीर की स्फूर्ति और सक्रियता के लिए योग को महत्वपूर्ण कारण बताया। कार्यक्रम के समापन के अवसर पर स्मृति के रूप में पौधा रोपण भी किया गया। जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती रानू साहू ने कहा कि योगा करने से मन और शरीर का संतुलन होता है। उन्होने कहा कि योगा को नित्य जीवन में आत्मसात करना चाहिए। कलेक्टर श्रीमती साहू ने योग को दैनिक जीवन में शामिल कर स्वस्थ और निरोग रहने के लिए योग को निरंतर अपने जीवन शैली में लाने की अपील की।