The Duniyadari: पाली- कोरया जिले के पाली थाना क्षेत्र में कोयला खदान पर वर्चस्व को लेकर चल रहे विवाद ने शुक्रवार रात खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। सराईपाली खदान के पास बिलटी ऑफिस के नजदीक दो गुटों में हिंसक झड़प के दौरान ट्रांसपोर्टर रोहित जायसवाल की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई।
भाजपा मंडल अध्यक्ष सहित तीन गिरफ्तार
इस सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने भाजपा मंडल अध्यक्ष रोशन सिंह ठाकुर, उसके भाई और भांजे को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने आरोपियों को जिले की समीपवर्ती सीमा से धर दबोचा। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने जानकारी दी कि हत्या के मामले में कड़ी कार्रवाई की जा रही है और अन्य संलिप्त लोगों की भी तलाश जारी है।
स्थानीय लोगों में आक्रोश और शहर बंद
घटना की जानकारी मिलते ही पाली शहर में भारी आक्रोश फैल गया। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने हत्या के विरोध में शहर बंद का आह्वान किया। मृतक रोहित जायसवाल के परिजनों ने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि पहले से विवाद की जानकारी होते हुए भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और आश्वासन दिया है कि सभी दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाई जाएगी।