रायपुर। कांग्रेस अध्‍यक्ष पद के सोमवार को छत्‍तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के कांग्रेस मुख्‍यालय राजीव भवन में वोट डाले गए। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पीसीसी चीफ मोहन मरकाम समेत कई बड़े नेताओं ने मतदान किया। छत्तीसगढ़ के 307 डेलीगेट्स के लिए प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में बूथ बनाया गया था। जिसमें कुल 300 वोट पड़े।

राजीव भवन पोलिंग बूथ में चुनाव अधिकारी सहित कुछ एआईसीसी डेलीगेट ने भी यहां वोट डाले। भारत जोड़ो यात्रा में शामिल लोगों के वोट कर्नाटक के वेल्लारी में डाले गए। अब मतपेटी दिल्ली ले जाई जाएगी। इस चुनाव में मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर के बीच मुकाबला है। 19 को नतीजे घोषित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल करीब 11.10 बजे राजीव भवन पहुंचे। उसी दौरान मंत्री रविंद्र चौबे, कवासी लखमा, रुद्र कुमार गुरु, डॉ. शिव कुमार डहरिया, विधायक सत्यनारायण शर्मा, अंबिका सिंहदेव, ममता चंद्राकर आदि मंत्री विधायक भी प्रदेश पदाधिकारी भी मतदान के लिए पहुंचे। मतदान के बाद मुख्यमंत्री और उनके मंत्री कैबिनेट बैठक के लिए रवाना हो गए हैं। मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा, यह मतदान कांग्रेस पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र के मजबूती का प्रमाण है।

अध्यक्ष पद के दोनों प्रत्याशियों में मल्लिकार्जुन खड़गे की ओर से प्रदेश उपाध्यक्ष अरुण सिंघानिया, महामंत्री अर्जुन तिवारी, अरुण सिसौदिया और सुमित्रा घृतलहरे को पोलिंग एजेंट बनाया गया है। जबकि शशि थरूर के पोलिंग एजेंट विनय कुमार पावले, हरि प्रसाद कुशवाहा को बनाया गया है। दोनों सरगुजा क्षेत्र के रहने वाले हैं।

RO - 12460/ 2 RO - 12460/ 2