Friday, March 13, 2026
Home कोरबा बर्खास्त आरक्षक फिर चर्चा में: वर्दी पहनकर राहगीर को धमकाया, दोबारा FIR

बर्खास्त आरक्षक फिर चर्चा में: वर्दी पहनकर राहगीर को धमकाया, दोबारा FIR

46

The Duniyadari : कोरबा। जिला पुलिस बल से निष्कासित किया जा चुका आरक्षक शत्रुहन उरांव एक बार फिर विवादों में घिर गया है। ताज़ा मामले में उसने पुलिस की वर्दी पहनकर एक युवक की बाइक रोक ली और कागजात मांगते हुए उस पर अनुचित कार्रवाई की धमकी देने लगा। शिकायत मिलने पर कोतवाली पुलिस ने उसके खिलाफ एक और अपराध दर्ज कर लिया है।

पीड़ित लुकेश गुप्ता ने बताया कि 25 नवंबर की दोपहर वह अपनी मोटरसाइकिल से फोकटपारा के पास पहुंचा ही था कि पुलिस वर्दी पहने शत्रुहन उरांव ने उसका रास्ता रोक लिया। कड़े लहज़े में कागजात मांगने और दंडात्मक कार्रवाई की धमकी देने लगा। इसी दौरान लुकेश का परिचित मोनू विश्वकर्मा वहां पहुंचा और जब उसने सवाल उठाया तो उरांव मौके से भाग निकला।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 205 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है। उल्लेखनीय है कि इससे एक दिन पहले ही उसके विरुद्ध मोटरसाइकिल चोरी का मामला दर्ज हुआ था, जिसमें चार बाइक बरामद भी की गई थीं।