राजनांदगांव। राजनांदगांव के बसंतपुर कृषि उपज मंडी के सामने स्थित पोहा मिल के पट्टे में फंसने से एक महिला श्रमिक की मौत हो गई। हादसे में महिला मजदूर का शरीर दो भाग में बंट गया।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह शहर के मोहारा वार्ड में रहने वाली महिला श्रमिक अनुपा बाई पोहा मिल पर काम कर रही थी। इस बीच एक मशीन का पट्टा नीचे गिर गया था, जिसे देखने के लिए महिला जा रही थी। तभी चक्की पर लगे राड को पार करते समय महिला श्रमिक की साड़ी का आंचल फंस गया और देखते ही देखते महिला मशीन की चपेट में आ गई। इस दर्दनाक हादसे में महिला मजदूर का शरीर दो भाग में बंट गया।
हादसे के बाद चीख पुकार मच गई। मिल पर काम करने वाले श्रमिकों ने मिल मालिक को जानकारी दी। सूचना पर पहुंची बसंतपुर पुलिस ने महिला श्रमिक की लाश बरामद कर पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि महिला पिछले तीन साल से इसी मिल पर काम कर रही थी।