Saturday, April 4, 2026
Home Breaking अंतरराज्यीय वन्यजीव तस्करी गिरोह का पर्दाफाश, 9 आरोपी गिरफ्तार, तेंदुए की दो...

अंतरराज्यीय वन्यजीव तस्करी गिरोह का पर्दाफाश, 9 आरोपी गिरफ्तार, तेंदुए की दो खाल जब्त

7

The Duniyadari: बलरामपुर- जिले में वन विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय वन्यजीव तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। संयुक्त टीम ने इस मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से तेंदुए की दो खाल बरामद की गई हैं।

जानकारी के मुताबिक वन अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो मध्य क्षेत्र भोपाल, राज्य उड़नदस्ता रायपुर और वनमंडल बलरामपुर की संयुक्त टीम ने 2 अप्रैल 2026 को कार्रवाई की।

टीम ने बसंतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जमई मोड़ के पास मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को रोककर पूछताछ की। तलाशी लेने पर उनके पास से तेंदुए की एक खाल बरामद हुई। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी दी, जिसके बाद टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर सात और आरोपियों को पकड़ लिया। इनके पास से एक और तेंदुए की खाल जब्त की गई।

वन विभाग के अनुसार गिरफ्तार आरोपी झारखंड, उत्तरप्रदेश और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं और लंबे समय से अंतरराज्यीय स्तर पर वन्यजीव तस्करी में सक्रिय थे। सभी आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

वन विभाग ने बताया कि मामले की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि वन्यजीव तस्करी के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।