अच्छी शुरुआत: खरीदी के पहले दिन कलेक्टर ने किसानों के जरिए करवाई तराजू की पूजा, अन्नदाताओं को भेंट किए पौधा

0
241

बालोद। जिले में धान खरीदी की शुरुआत राज्योत्सव के साथ हो चुकी है। पहले दिन कलेक्टर कुलदीप शर्मा, एसपी डॉ जीतेंद्र यादव विभिन्न सोसाइटी में निरीक्षण के लिए पहुंचे ।

इस दौरान अधिकारियों ने किसानों से बातचीत की और किसानों का सम्मान करते हुए उनसे पूजा-पाठ करवाकर खरीदी की शुरुआत की गई।

एक नई शुरुआत करते हुए कलेक्टर ने धान बेचने आए किसानों को विभिन्न पौधे गमले सहित भेंट किए और किसानों को हरियाली प्रसार के लिए प्रोत्साहित किया। आए किसानों को विभिन्न पौधे गमले सहित भेंट किए और किसानों को हरियाली प्रसार के लिए प्रोत्साहित किया।

इस दौरान किसानों ने अपने आसपास की समस्याएं भी रखी और पिछले सत्र के दौरान आई समस्याओं को भी बताया। जिस पर कलेक्टर ने कहा कि इस बार विशेष ध्यान दिया जा रहा है। चिंता न करें।

कलेक्टर ने धान उपार्जन केंद्र सांकरा और बरही में धान तौलाकर खरीदी कार्य शुरू किया। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने जिले के बालोद विकासखंड के धान उपार्जन केन्द्र सांकरा और बरही में पूजा अर्चना कर धान खरीदी कार्य का विधिवत शुभारंभ किया।

उन्होंने धान विक्रय के लिए आए हुए किसानों का स्वागत किया तथा पर्यावरण को हराभरा करने सभी किसानों को नीम, आम, जामुन का पौधा भेंट किया। कलेक्टर श्री शर्मा ने किसानों द्वारा विक्रय हेतु लाए गए धान का अवलोकन किया और नमीमापक यंत्र के माध्यम से धान की नमी को भी परखा।

उन्होंने कहा कि धान विक्रय के लिए आने वाले किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उनके लिए बैठक, पेयजल व शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित हो। इस अवसर पर कलेक्टर श्री शर्मा ने कहा कि धान खरीदी का कार्य राज्य शासन के महत्वपूर्ण कार्यों में से एक है।

उन्होंने धान खरीदी केन्द्र में सभी जरूरी व्यवस्थाओं, धान के रख-रखाव, ट्रांसर्पोटेशन आदि कार्यो को प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए।

उन्होंने धान खरीदी की शुरूआत से धान की गुणवत्ता, बारदाने की व्यवस्था, स्टेकिंग, रखरखाव, सुरक्षा, उठाव और धान की गुणवत्ता आदि पर विशेष रूप से ध्यान रखने को कहा। उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहा की किसी भी केंद्र में धान की कम या ज्यादा तौल की शिकायत नहीं आनी चाहिए।