The Duniyadari : कोरबा, 30 जनवरी 2026। जिले के वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने अहम कदम उठाया है। अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत अब मोतियाबिंद से पीड़ित बुजुर्गों की पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर उनका इलाज सुनिश्चित किया जाएगा।
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने इस संबंध में स्वास्थ्य और समाज कल्याण विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। निर्देशों के अनुसार जिले के सभी विकासखंडों में मोतियाबिंद से प्रभावित वरिष्ठ नागरिकों का त्वरित सर्वे कर उनका चिन्हांकन किया जाएगा, ताकि उन्हें समय पर सर्जरी की सुविधा मिल सके।
कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सहित सभी विकासखंड चिकित्सा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आरएचओ, मितानिन, महिला-पुरुष स्वास्थ्य कार्यकर्ता और विभागीय अमले के माध्यम से अपने-अपने क्षेत्रों में सर्वे कर बुजुर्ग मरीजों की सूची तैयार की जाए। चिन्हित हितग्राहियों की संपूर्ण जानकारी निर्धारित प्रारूप में संकलित कर एक सप्ताह के भीतर समाज कल्याण विभाग को भेजना अनिवार्य किया गया है।
तैयार की गई जानकारी सॉफ्ट और हार्ड कॉपी दोनों रूपों में उपसंचालक समाज कल्याण, कोरबा के कार्यालय को उपलब्ध कराई जाएगी। इस पहल का उद्देश्य जिले के वरिष्ठ नागरिकों को दृष्टि संबंधी परेशानी से राहत दिलाकर उनके दैनिक जीवन को अधिक सहज और आत्मनिर्भर बनाना है।
प्रशासन की इस पहल से बड़ी संख्या में बुजुर्गों को लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।





























