The Duniyadari : कोरबा। ठंड से बचने के लिए जलाए गए अलाव ने एक महिला की जिंदगी को खतरे में डाल दिया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र की इंदिरा नगर बस्ती में अलाव तापते समय 38 वर्षीय महिला के कपड़ों में अचानक आग लग गई। हादसे के दौरान महिला को बचाने दौड़े एक युवक के हाथ भी झुलस गए। दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां महिला की हालत गंभीर होने पर उसे निजी अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, इंदिरा नगर बस्ती में लोग ठंड से राहत पाने के लिए अलाव जलाकर खड़े थे। इसी दौरान रूबी देवी पास में खड़ी फूलबाई से बातचीत कर रही थीं। तभी अचानक अलाव की चिंगारी से उनके कपड़ों ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग फैल गई और महिला चीखने लगी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कंबल और पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। इसी बीच जगदीश कुमार नामक युवक ने साहस दिखाते हुए जलती महिला पर कंबल डालकर आग बुझाई, लेकिन इस प्रयास में उसके हाथ झुलस गए।
घटना के बाद दोनों घायलों को शासकीय रानी धनराज कुंवर उप स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने रूबी देवी की हालत गंभीर बताते हुए उन्हें निजी अस्पताल भेज दिया। घटना की सूचना मिलते ही महिला के पति लक्ष्मण कुमार, जो पेशे से हलवाई हैं, अस्पताल पहुंच गए।
गौरतलब है कि जिले में इन दिनों शाम ढलते ही ठंड का असर बढ़ जाता है, जिससे लोग खुले स्थानों पर अलाव जलाने को मजबूर हैं। नगर निगम द्वारा कई स्थानों पर हीटर की व्यवस्था की गई है, लेकिन इसके बावजूद इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। यह हादसा अलाव जलाते समय सावधानी बरतने की जरूरत को फिर से रेखांकित करता है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि ठंड से बचाव के दौरान सुरक्षा का पूरा ध्यान रखें, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।














