The Duniyadari: बलरामपुर रामानुजगंज जिले के रामचंद्रपुर स्थित बालक छात्रावास की जमीन से अवैध कब्जा हटाने के दौरान शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों से अभद्रता, धमकी और मारपीट करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार तहसीलदार रामचंद्रपुर ने 11 दिसंबर 2025 को इस संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 9 दिसंबर 2025 को अनुविभागीय अधिकारी राजस्व के निर्देश पर छात्रावास की भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही थी। मौके पर तहसीलदार, नायब तहसीलदार, पटवारी सहित राजस्व अमला और पुलिस बल मौजूद था।
कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने एकत्र होकर टीम का विरोध किया और अधिकारियों के साथ गाली गलौज करते हुए लाठी डंडों से हमला कर दिया। इस हंगामे के चलते करीब दो घंटे तक काम प्रभावित रहा और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई।
घटना के बाद थाना रामचंद्रपुर में अपराध क्रमांक 54/2025 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 9 फरवरी 2026 को 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ और साक्ष्य जुटाने के बाद सभी को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
































