The Duniyadari: बलरामपुर जिले में अवैध अफीम की खेती के मामले सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने राजस्व अमले में बड़ा बदलाव किया है। कलेक्टर राजेंद्र कुमार कटारा ने आदेश जारी करते हुए जिले के 58 पटवारियों का एक साथ स्थानांतरण कर दिया है।
जारी आदेश के मुताबिक राजपुर, रामानुजगंज, कुसमी, वाड्रफनगर, शंकरगढ़, रघुनाथनगर और बलरामपुर तहसील समेत कई क्षेत्रों में पदस्थ पटवारियों को बदलते हुए अलग-अलग हलकों में नई जिम्मेदारी दी गई है। कई कर्मचारी लंबे समय से एक ही स्थान पर कार्यरत थे, जिन्हें अब अन्य क्षेत्रों में भेजा गया है।
प्रशासन का कहना है कि यह फैसला राजस्व व्यवस्था को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से लिया गया है। लंबे समय से एक ही जगह तैनाती के कारण कामकाज में ढिलाई और शिकायतें बढ़ रही थीं, जिसे सुधारने के लिए यह कदम उठाया गया है।
सूत्रों के मुताबिक जिले के कुछ इलाकों में हाल ही में अवैध अफीम की खेती के मामले उजागर होने के बाद प्रशासनिक स्तर पर जिम्मेदारी तय करने और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत महसूस की जा रही थी। इसी पृष्ठभूमि में राजस्व विभाग में यह व्यापक फेरबदल किया गया है।
एक साथ बड़ी संख्या में किए गए इन तबादलों को जिले की प्रशासनिक व्यवस्था को दुरुस्त करने की दिशा में अहम निर्णय माना जा रहा है।















