Tuesday, March 24, 2026
Home Breaking अवैध अफीम खेती पर सख्ती, गांव-गांव होगा सर्वे

अवैध अफीम खेती पर सख्ती, गांव-गांव होगा सर्वे

13

The Duniyadari: जांजगीर-चांपा जिले में अवैध अफीम और गांजा की खेती पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। कलेक्टर जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय पांडेय ने राज्य शासन के निर्देशों के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में व्यापक सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं।

इस अभियान के तहत ग्रामीण इलाकों में पटवारी, पंचायत सचिव और कोटवार, जबकि शहरी क्षेत्रों में पटवारी और नगर निकाय की टीम संयुक्त रूप से खेतों और आसपास के इलाकों का निरीक्षण करेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राजस्व, पुलिस और वन विभाग के साथ-साथ कृषि, उद्यानिकी और रेशम विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय से काम करेंगे, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई हो सके।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे गांव-गांव जाकर खेतों की जांच करें और संदिग्ध फसलों की पहचान करें। खासतौर पर नदी किनारे और वन क्षेत्रों से सटे इलाकों में निगरानी बढ़ाने पर जोर दिया गया है। यदि कहीं अवैध खेती के संकेत मिलते हैं, तो तुरंत जांच कर उसकी रिपोर्ट प्रशासन और पुलिस को सौंपनी होगी।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी क्षेत्र में अफीम या गांजा की अवैध खेती पाई जाती है, तो संबंधित पटवारी और ग्राम सचिव के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में जिला पंचायत और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में इस पूरे अभियान की रूपरेखा तय की गई।