Saturday, March 28, 2026
Home Breaking अवैध चाकू से बर्थडे सेलिब्रेशन का वीडियो वायरल, राजधानी में बढ़ती आपराधिक...

अवैध चाकू से बर्थडे सेलिब्रेशन का वीडियो वायरल, राजधानी में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर उठे सवाल

12

The Duniyadari: रायपुर- राजधानी में एक बार फिर कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ाने वाला मामला सामने आया है। कबीर नगर थाना क्षेत्र के वाल्मीकि अटल आवास इलाके में युवकों द्वारा अवैध चाकू से केक काटने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली और शहर में अवैध हथियारों की उपलब्धता को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के मुताबिक, वीडियो जन्मदिन समारोह के दौरान सड़क पर बनाया गया है। इसमें एक युवक बड़े धारदार चाकू से केक काटते नजर आ रहा है, जबकि आसपास मौजूद लोग इस पूरी घटना को रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा करते दिखाई दे रहे हैं। खुलेआम इस तरह की हरकत से कानून का डर खत्म होने की आशंका जताई जा रही है।

मामले को लेकर अब संदीप पटेल की कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हैं। बताया जा रहा है कि वेस्ट जोन में इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों में असुरक्षा का माहौल बनता जा रहा है।

गौरतलब है कि 27 मार्च 2026 को टिकरापारा थाना क्षेत्र में भी एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। हालांकि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन इसके बाद भी इस तरह की घटनाओं का सामने आना चिंता का विषय बन गया है।

पुलिस द्वारा अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान चलाए जाने के बावजूद इस तरह की घटनाएं सामने आना जमीनी स्तर पर कार्रवाई की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाई जा सके।