Thursday, March 26, 2026
Home Breaking अवैध डीजल भंडारण पर प्रशासन की कार्रवाई, 3100 लीटर जब्त

अवैध डीजल भंडारण पर प्रशासन की कार्रवाई, 3100 लीटर जब्त

8

The Duniyadari: धमतरी- जिले में अवैध रूप से पेट्रोलियम उत्पादों के भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में कुरुद क्षेत्र में संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में डीजल जब्त किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी कुरुद को मिली शिकायत के आधार पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुरुद के निर्देश पर राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने कुरुद-धमतरी मार्ग स्थित सर्वेश्वर ऑटो फ्यूल्स में औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान पेट्रोल पंप के पीछे बने स्टोर रूम और परिसर में संदिग्ध तरीके से डीजल का भंडारण पाया गया।

निरीक्षण में टीम को 4 ड्रम पूरी तरह भरे हुए, 2 ड्रम आधे भरे हुए, 32 खाली ड्रम तथा दो मिनी टैंकरों में लगभग 2100 लीटर डीजल मिला। प्रारंभिक जांच में कुल करीब 3100 लीटर डीजल अवैध रूप से संग्रहित होने की पुष्टि हुई।

संयुक्त टीम ने मौके पर ही डीजल और संबंधित सामग्री को जब्त कर लिया। इसके साथ ही पूरे मामले का प्रारंभिक प्रतिवेदन तैयार कर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुरुद को सौंप दिया गया है, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जिले में अवैध भंडारण और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।