अवैध धान लाकर खपाने की कोशिश नाकाम, लैलूंगा पुलिस ने दो आरोपियों को भेजा जेल

13

The Duniyadari : रायगढ़ जिले के लैलूंगा क्षेत्र में अवैध धान परिवहन और खपाने की कोशिश पर पुलिस व खाद्य विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। ओडिशा से धान लाकर उसे छत्तीसगढ़ के किसानों के नाम पर उपार्जन केंद्र में बेचने की साजिश का खुलासा हुआ है। इस मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

मामले की जानकारी खाद्य विभाग लैलूंगा के खाद्य निरीक्षक खुशीराम नायक द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर सामने आई। 16 और 17 दिसंबर 2025 की दरमियानी रात DICCC रायगढ़ की संयुक्त टीम ने पाकरगांव–लैलूंगा मार्ग पर औचक जांच के दौरान दो बुलेरो पिकअप वाहनों को रोका। जांच में पाया गया कि दोनों वाहनों में कुल 60 क्विंटल धान लोड था, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 86 हजार रुपये बताई जा रही है।

निरीक्षण के दौरान वाहन चालक न तो धान से जुड़े कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत कर सके और न ही उनके पास ड्राइविंग लाइसेंस था। पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह धान ओडिशा से लाया गया था, जिसे शेखर जायसवाल और कृष्ण जायसवाल के निर्देश पर छत्तीसगढ़ के उपार्जन केंद्रों में खपाने की योजना थी, जिससे शासन को आर्थिक नुकसान पहुंच सकता था।

जांच में यह भी सामने आया कि एक पिकअप वाहन पहले भी 10 दिसंबर को अवैध धान परिवहन के मामले में जब्त किया जा चुका था, इसके बावजूद उसी वाहन से दोबारा अवैध गतिविधि की गई। इसे शासन के स्पष्ट निर्देशों का गंभीर उल्लंघन माना गया।

खाद्य निरीक्षक की लिखित शिकायत पर थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 321/2025 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील कुमार यादव (20 वर्ष) निवासी जमुना, थाना लैलूंगा, जिला रायगढ़ और निरंजन यादव (20 वर्ष) निवासी डोगादरहा, थाना तुमला, जिला जशपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों पिकअप वाहनों सहित धान की 120 बोरियां जब्त की हैं। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।