The Duniyadari: KORBA जिले के उरगा थाना क्षेत्र स्थित बरपाली तहसील के ग्राम पंचायत जोगीपाली में अवैध रेत उत्खनन को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शासन की अनुमति वाली रेत खदान की आड़ में भारी मशीनों का इस्तेमाल कर नियमों के विरुद्ध बड़े पैमाने पर रेत निकाली जा रही है।
बताया जा रहा है कि जेसीबी, हाइवा और अन्य भारी वाहनों से लगातार रेत का उत्खनन और परिवहन किया जा रहा था। इससे नाराज ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और काम बंद करवा दिया। ग्रामीणों ने उत्खनन में लगे वाहनों की चाबियां अपने कब्जे में लेकर कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि नदी किनारे गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे आसपास के क्षेत्र में खतरा बढ़ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे मामले में स्थानीय स्तर पर मिलीभगत है और शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार विभाग कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा था।
स्थिति बिगड़ती देख खनिज विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने अधिकारियों के सामने अवैध उत्खनन पर तत्काल रोक लगाने और संबंधित वाहनों पर कार्रवाई की मांग रखी। अधिकारियों द्वारा जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद मामला शांत हुआ।
जानकारी के मुताबिक, विभाग ने मौके पर मौजूद वाहनों को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है।













