The Duniyadari: जांजगीर, 1 मार्च। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 हाईवा वाहनों को जब्त किया है। यह कार्रवाई जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने देर रात विशेष अभियान चलाकर की।
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर ग्राम पंचायत स्तर पर निगरानी समितियों का गठन किया गया है। ये समितियां एसडीएम और तहसीलदार को अवैध उत्खनन या परिवहन की सूचना देंगी, जिसके आधार पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
इसी कड़ी में कलेक्टर जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय पांडे के मार्गदर्शन में एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी के नेतृत्व में टीम ने हाईवे पर दबिश दी। जांच के दौरान अवैध रूप से रेत परिवहन करते पाए गए 14 हाईवा वाहनों को मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
वाहन चालकों और मालिकों के खिलाफ गौण खनिज अधिनियम सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध रेत कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
































