अवैध सागौन कटाई पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई गुप्त सूचना पर दबिश, लकड़ी और तैयार फर्नीचर जब्त मामले में जांच जारी, आगे भी सख्ती के संकेत

6

The Duniyadari: बलौदाबाजार। वनमंडलाधिकारी गणवीर धम्मशील के निर्देश पर वन विभाग ने अवैध सागौन कटाई और चिरान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। अर्जुनी वन परिक्षेत्र के ग्राम बरेली और सुकली में लंबे समय से मिल रही शिकायतों के बाद विभाग ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की।

सूत्रों से मिली पुख्ता जानकारी के आधार पर टीम ने दोनों गांवों में दबिश देकर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान अवैध रूप से काटी गई सागौन लकड़ी, उसका चिरान और उससे तैयार किया गया फर्नीचर बरामद किया गया, जिसे विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया गया।

वन विभाग द्वारा बताया गया कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही थी और मुखबिर तंत्र के माध्यम से सूचनाएं जुटाई जा रही थीं। ग्राम सुकली में भी तलाशी अभियान चलाया गया है तथा संबंधित मामले में आगे की जांच जारी है।

कार्रवाई के दौरान परिक्षेत्र अधिकारी गुलशन साहू, डब्बू साहू, मीनाक्षी साहू, सुश्री रुपेश्वरी दीवान सहित वन अमला और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध कटाई और लकड़ी तस्करी के विरुद्ध आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।