Thursday, March 26, 2026
Home Breaking आंधी-तूफान से पहले निगम सख्त, ढीले फ्लेक्स तुरंत हटाने के निर्देश

आंधी-तूफान से पहले निगम सख्त, ढीले फ्लेक्स तुरंत हटाने के निर्देश

10

The Duniyadari: रायपुर- मौसम में बदलाव और आंधी-तूफान की संभावना को देखते हुए नगर पालिक निगम रायपुर ने विज्ञापन एजेंसियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के मार्गदर्शन में महात्मा गांधी सदन स्थित निगम मुख्यालय के तृतीय तल सभाकक्ष में अपर आयुक्त पंकज के. शर्मा ने पंजीकृत विज्ञापन एजेंसियों की बैठक लेकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में अपर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि शहर में लगे सभी कमजोर, फटे या ढीले फ्लेक्स और होर्डिंग तत्काल हटाए जाएं, ताकि आंधी-तूफान के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। उन्होंने एजेंसी संचालकों को निर्देशित किया कि सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए ही विज्ञापन सामग्री लगाई जाए और नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए।

इसके अलावा अपर आयुक्त ने विज्ञापन एजेंसियों से बकाया राशि जल्द जमा करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम अधिनियम के तहत जारी सभी नियमों और निर्देशों का सख्ती से पालन करना अनिवार्य होगा। नियमों की अनदेखी करने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

बैठक में नगर निगम के अधीक्षक (विज्ञापन) पद्माकर श्रीवास, सहायक अभियंता नीतीश झा, उपअभियंता अमित सरकार सहित पंजीकृत विज्ञापन एजेंसियों के संचालक उपस्थित रहे।