The Duniyadari: कवर्धा जिले में मौसम के अचानक बदले मिजाज ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। बेमौसम बारिश और तेज गरज-चमक के बीच गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक अधेड़ व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान नेन सिंह धुर्वे के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक नेन सिंह धुर्वे हर्राटोल निवासी था, जो मोतीनाला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। वह इन दिनों मिरमिटी गांव में गुजरात से आए भेड़ व्यापारियों के साथ मजदूरी का काम कर रहा था। रोज की तरह वह अपने साथियों के साथ भेड़-बकरियां चराने गया था।
इसी दौरान अचानक मौसम बिगड़ गया और तेज बारिश के साथ बिजली कड़कने लगी। बारिश से बचने के लिए नेन सिंह पास ही एक पेड़ के नीचे खड़ा हो गया। तभी जोरदार गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे पेड़ पर गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य साथियों में अफरा-तफरी मच गई। बारिश थमने के बाद साथियों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।















