The Duniyadari: सुकमा/कंधमाल। ओडिशा के कंधमाल जिला में सक्रिय 22 लाख रुपये के इनामी माओवादी कमांडर अन्वेष उर्फ रेनू की उसके ही साथियों द्वारा हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। दारिंगबाड़ी थाना क्षेत्र के पकरी जंगल से पुलिस ने उसका क्षत-विक्षत शव बरामद किया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अन्वेष छत्तीसगढ़ के सुकमा जिला का निवासी था और केकेबीएन डिवीजन में डिविजनल कमेटी मेंबर के साथ-साथ प्लाटून कमांडर की जिम्मेदारी निभा रहा था।
आत्मसमर्पण की कोशिश बनी जानलेवा
कंधमाल के पुलिस अधीक्षक हरीश बीसी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अन्वेष पुलिस के सामने आत्मसमर्पण करने की तैयारी में था। संगठन के भीतर इस फैसले को लेकर विरोध की स्थिति थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी कारण जनवरी के अंत में उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई और शव को जंगल में छिपा दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने तलाशी अभियान चलाकर शव बरामद किया।
भटके युवाओं के लिए हेल्पलाइन
एसपी ने कहा कि माओवादी गतिविधियों में शामिल युवाओं के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है, ताकि वे सुरक्षित रूप से प्रशासन से संपर्क कर सकें। उन्होंने राज्य सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास योजना का लाभ उठाने की अपील की और भरोसा दिलाया कि मुख्यधारा में लौटने वालों को आवश्यक सुरक्षा और सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
वरिष्ठ अधिकारियों का मानना है कि यह घटना 31 मार्च 2026 से पहले आत्मसमर्पण को लेकर माओवादी संगठन के अंदर बढ़ते मतभेदों को दर्शाती है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।
































