The Duniyadari : राजनांदगांव। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है। 16 दिसंबर को बोरतलाब आबकारी जांच चौकी पर कार्रवाई करते हुए विभाग की टीम ने एक स्कॉर्पियो वाहन से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की और दो तस्करों को मौके से दबोच लिया।
जांच के दौरान सफेद रंग की महिंद्रा स्कॉर्पियो (क्रमांक MP 09 BC-3962) से 20 पेटियों में भरी 1000 पाव गोवा व्हिस्की मिली, जिसकी कुल मात्रा 180 बल्क लीटर है। बोतलों पर “केवल मध्य प्रदेश राज्य में विक्रय हेतु वैध” अंकित था, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि शराब को अवैध रूप से दूसरे राज्य में खपाने के इरादे से ले जाया जा रहा था। जब्त शराब और वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 20 हजार रुपये बताई जा रही है।
इस कार्रवाई का नेतृत्व आबकारी उप निरीक्षक अनिल सिंह और राजकुमार कुर्रे ने किया। मामले में सतीश बनोठे (33 वर्ष), निवासी मोहाटोला, जिला गोंदिया (महाराष्ट्र) और सरोज बनोठे (34 वर्ष), निवासी बोथली, जिला बालाघाट (मध्य प्रदेश) को गिरफ्तार किया गया है। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(2), 36 एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
इसी कड़ी में एक अलग कार्रवाई के दौरान 4 लीटर हाथ भट्ठी से बनी कच्ची महुआ शराब भी जब्त की गई है। संबंधित मामले में भी आरोपियों को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई की गई है। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।
































