इंस्टाग्राम दोस्ती से ब्लैकमेलिंग तक: युवती से दुष्कर्म कर वीडियो बनाया, शादी की बात पर वायरल करने की धमकी

31

The Duniyadari : बिलासपुर | सरकंडा थाना क्षेत्र सोशल मीडिया पर शुरू हुई दोस्ती एक युवती के लिए भयावह अनुभव में बदल गई। इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क में आए युवक ने पहले प्यार का झांसा दिया, फिर सुनसान जगह ले जाकर युवती के साथ जबरदस्ती की। आरोपी ने इस दौरान अश्लील वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया, जिसे बाद में हथियार बनाकर वह युवती को डराने और शोषण करने लगा।

पीड़िता के अनुसार, करीब दो वर्ष पहले उसकी पहचान बेलगहना क्षेत्र के सोनपुरी निवासी अरुण कुमार भानु (30) से इंस्टाग्राम पर हुई थी। बातचीत बढ़ने के साथ युवक ने प्रेम प्रस्ताव रखा, जिस पर युवती भरोसा कर बैठी।

9 सितंबर 2024 को युवक बेलगहना से बिलासपुर आया और घुमाने के बहाने युवती को बाइक पर बैठाकर एक सुनसान स्थान पर ले गया। वहीं उसने जबरन शारीरिक संबंध बनाए और मोबाइल से वीडियो भी बना लिया।

घटना के बाद आरोपी वीडियो दिखाकर युवती पर दोबारा मिलने और संबंध बनाने का दबाव डालने लगा। जब युवती ने इसका विरोध किया और शादी की बात कही, तो युवक का व्यवहार हिंसक हो गया। उसने मारपीट की और वीडियो सोशल मीडिया पर फैलाने की धमकी देने लगा। बाद में आरोपी ने वीडियो वायरल भी कर दिया।

मानसिक रूप से टूट चुकी युवती ने आखिरकार सरकंडा थाने पहुंचकर पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई।

सीएसपी निमितेष सिंह ने बताया कि पीड़िता की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और आईटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।