The Duniyadari : कोरबा, 19 जनवरी :- सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच पारिवारिक तनाव का एक गंभीर मामला सामने आया है। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र की 23 वर्षीय विवाहिता ने घरेलू विवाद से आहत होकर कीटनाशक का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है और स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता की शादी करीब सात साल पहले हुई थी और उसके दो छोटे बच्चे हैं। बीते कुछ महीनों से पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद चल रहा था, जिसके चलते महिला कुछ समय के लिए मायके भी चली गई थी। समाज और परिजनों की मौजूदगी में समझौते के बाद वह ससुराल लौटी थी।
बताया जा रहा है कि हाल ही में इंस्टाग्राम और मोबाइल के उपयोग को लेकर फिर विवाद हुआ। इसी तनाव के बीच महिला ने कीटनाशक का सेवन कर लिया। घटना के बाद परिजन तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक महिला को बचाने के लिए जरूरी दवाएं दी जा रही हैं। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और पीड़िता का बयान लेने का प्रयास किया जा रहा है।
इधर, महिला के परिजनों ने पति पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पहले भी कई बार विवाद हुए, लेकिन रिश्तों को बचाने के लिए समझौते किए गए। परिजन अब महिला की सुरक्षा को लेकर आशंकित हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पीड़िता के बयान और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।















