Friday, April 10, 2026
Home उत्तरप्रदेश/लखनऊ इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के बाद शंकराचार्य पर केस, लखनऊ में कांग्रेस...

इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के बाद शंकराचार्य पर केस, लखनऊ में कांग्रेस के होर्डिंग से सियासत गरम

36

The Duniyadari: लखनऊ। इलाहाबाद हाईकोर्ट के निर्देश के बाद स्वामी स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती, उनके शिष्य मुकुंदानंद और कुछ अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ POCSO एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह एफआईआर झूंसी थाने में दर्ज की गई है। मामले के सामने आने के बाद गिरफ्तारी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं और राजनीतिक हलकों में भी हलचल बढ़ गई है।

इसी बीच कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर राज्य सरकार पर हमला तेज कर दिया है। राजधानी की सड़कों पर लगाए गए होर्डिंग में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए उन्हें “सनातन विरोधी” बताया गया है। होर्डिंग में उनका नाम अजय सिंह बिष्ट लिखते हुए तीखी टिप्पणी की गई है। यह पोस्टर सोशल मीडिया पर भी तेजी से साझा किया जा रहा है।

कांग्रेस नेता आर्यन मिश्रा की ओर से लगाए गए इन होर्डिंग में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के समर्थन में नारे लिखे गए हैं। पोस्टरों के जरिए पार्टी ने साफ संकेत दिया है कि वह इस मुद्दे पर खुलकर मैदान में उतर चुकी है।

दरअसल, हाल ही में आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज ने दो नाबालिग बच्चों को अदालत में पेश कर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर गंभीर आरोप लगाए थे। मामले में प्रयागराज पुलिस की ओर से प्रारंभिक जांच रिपोर्ट न्यायालय को सौंपी गई थी। इसके बाद हाईकोर्ट ने एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया। 13 फरवरी को अदालत में दोनों बच्चों के बयान भी दर्ज किए गए थे।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। दूसरी ओर, इस घटनाक्रम ने धार्मिक और राजनीतिक दोनों स्तरों पर बहस को तेज कर दिया है।