The Duniyadari : कोरबा, 21 अक्टूबर 2025। प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने कोरबा नगर निगम के वार्ड क्रमांक 54 और 55 को कुल 52 लाख 40 हजार रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। दर्री जोन के सुमेधा बस्ती में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में मंत्री देवांगन ने तीन नए विकास कार्यों का भूमिपूजन किया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता न हो तथा समयसीमा के भीतर उन्हें पूर्ण किया जाए।
नगर निगम कोरबा द्वारा वार्ड क्रमांक 54 जमनीपाली क्षेत्र के अंतर्गत प्राथमिक शाला बरेड़ीमुड़ा और डुमरमुड़ा में जिला खनिज न्यास मद से क्रमशः 16 लाख 95 हजार रुपये की लागत से नवीन भवनों का निर्माण किया जाएगा। वहीं वार्ड क्रमांक 55 सुमेधा बस्ती में पार्षद निवास के सामने निगम मद से 18 लाख 50 हजार रुपये की लागत से नाली निर्माण कार्य किया जाएगा।
इस अवसर पर मंत्री देवांगन ने पूजा-अर्चना कर शिलान्यास पट्टिका का अनावरण किया और कार्यों की शीघ्र शुरुआत के निर्देश दिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर संजू देवी राजपूत ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में सभापति नूतन सिंह ठाकुर, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन, मण्डल अध्यक्ष मनोज लहरे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री मोदी का आत्मनिर्भर भारत का संकल्प साकार हो रहा – लखनलाल देवांगन
अपने संबोधन में मंत्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए आत्मनिर्भर भारत के नारे को साकार करने की दिशा में देश तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत छत्तीसगढ़ में 26 लाख से अधिक आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिससे हर व्यक्ति को पक्का घर मिल सके।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने समाज के सभी वर्गों के लिए कल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं, जिनका लाभ आमजन तक पहुंच रहा है — घर-घर शौचालय, उज्ज्वला गैस सिलेंडर, फोर लेन-छह लेन सड़कें और जीएसटी में राहत जैसी पहलों ने देश की तस्वीर बदली है।
मंत्री देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय प्रधानमंत्री मोदी की गारंटियों को तीव्र गति से पूरा कर रहे हैं। महतारी वंदन योजना से 70 लाख माताओं-बहनों को हर महीने ₹1000 की राशि मिल रही है, किसानों को ₹3100 प्रति क्विंटल धान का मूल्य और तेंदूपत्ता संग्राहकों को ₹5500 प्रति बोरा की दर दी जा रही है। साथ ही डेढ़ वर्ष में 22 हजार से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को भगवान श्रीरामलला के दर्शन कराए जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि कोरबा नगर निगम क्षेत्र के विकास के लिए मुख्यमंत्री की विशेष पहल पर पिछले 20 महीनों में 700 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है।
जनता का भरोसा बनाए रखना हमारी प्राथमिकता – महापौर संजू देवी राजपूत
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि क्षेत्र की जनता ने जो विश्वास उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन और उनके प्रति जताया है, उसे वे कभी टूटने नहीं देंगी। उन्होंने कहा कि मंत्री देवांगन के मार्गदर्शन में कोरबा नगर निगम के हर वार्ड और बस्ती में लोगों की जरूरतों के अनुसार विकास कार्य किए जा रहे हैं, और यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
छत्तीसगढ़ में तेजी से हो रहा विकास – गोपाल मोदी
भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य तेजी से प्रगति कर रहा है। उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन कोरबा के विकास को लेकर लगातार प्रयासरत हैं और फंड की स्वीकृति सुनिश्चित कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में साढ़े सात लाख करोड़ रुपये का औद्योगिक निवेश होना गर्व का विषय है।
कार्यक्रम में पार्षद मुकुंद सिंह कंवर, किशन कैवर्त सहित सभापति नूतन सिंह ठाकुर, भाजपा पदाधिकारी, पार्षद, नगर निगम अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।