Monday, June 29, 2026
Home Breaking एक यूनिट खून न मिलने से गई सिकल सेल मरीज की जान,...

एक यूनिट खून न मिलने से गई सिकल सेल मरीज की जान, 2 डॉक्टर समेत 7 पर गिरी गाज

10
Oplus_16908288

The Duniyadari: दुर्ग- जिला अस्पताल में इलाज के दौरान सिकल सेल एनीमिया से पीड़ित 20 वर्षीय युवती की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच में अस्पताल स्टाफ की गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद दो डॉक्टरों सहित सात कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई है। इनमें चार कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं, जबकि अन्य पर विभागीय कार्रवाई की गई है।

जांच रिपोर्ट के अनुसार, जिस फीमेल वार्ड में मरीज भर्ती थी, वहां से ब्लड बैंक की दूरी महज 30 से 40 कदम थी और उस समय ब्लड बैंक में 85 यूनिट रक्त उपलब्ध था। इसके बावजूद ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने मरीज के लिए तत्काल रक्त उपलब्ध कराने का प्रयास नहीं किया। इतना ही नहीं, डोनर उपलब्ध नहीं होने की स्थिति की जानकारी भी वरिष्ठ अधिकारियों तक नहीं पहुंचाई गई, जिससे समय पर इलाज शुरू नहीं हो सका।

मृतका दीपिका गाड़ा भिलाई के मरोदा क्षेत्र की रहने वाली थी और लंबे समय से सिकल सेल एनीमिया से जूझ रही थी। 30 मई की रात उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने पर परिजन उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जांच में डॉक्टरों ने तत्काल रक्त चढ़ाने की आवश्यकता बताई।

परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रशासन ने तीन यूनिट रक्त की व्यवस्था करने को कहा, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण वे तुरंत डोनर नहीं ला सके। उन्होंने इलाज शुरू करने के लिए कम से कम एक यूनिट रक्त देने की गुहार लगाई, लेकिन उनकी मांग पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। लगातार प्रयासों के बावजूद समय पर रक्त नहीं मिलने से इलाज प्रभावित हुआ और 1 जून को युवती ने दम तोड़ दिया।

मामले की जांच के बाद स्वास्थ्य विभाग ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित कर्मचारियों और चिकित्सकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है।