The Duniyadari: रायपुर में ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। मामला तिल्दा नेवरा थाना क्षेत्र के कोहका स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का है, जहां टी-20 क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा था।
पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर छापा मारकर आरोपी जितेंद्र बिरला उर्फ बबलू उर्फ बिल्ला को मौके से पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 1.80 लाख रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन, बैंकिंग से जुड़े दस्तावेज और अन्य सामग्री बरामद हुई। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत लगभग 2.55 लाख रुपये आंकी गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मोबाइल ऐप और ऑनलाइन आईडी के जरिए क्रिकेट मैचों पर दांव लगवाया जा रहा था।
यह कार्रवाई ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन में की गई। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
फिलहाल पुलिस आरोपी के बैंक खातों की पड़ताल कर रही है और इस सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है, ताकि पूरे गिरोह का खुलासा किया जा सके।
































