Friday, April 24, 2026
Home Breaking ‘ऑपरेशन कालचक्र-0.2’ का असर: 196 वारंट तामील, फरार आरोपी गिरफ्तार, अवैध सामान...

‘ऑपरेशन कालचक्र-0.2’ का असर: 196 वारंट तामील, फरार आरोपी गिरफ्तार, अवैध सामान जब्त

7
Oplus_16908288

The Duniyadari: Raipur के नॉर्थ जोन में पुलिस ने अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए “ऑपरेशन कालचक्र-0.2” के तहत व्यापक अभियान चलाया। पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ) मयंक गुर्जर के नेतृत्व में गुढ़ियारी, पंडरी, खमतराई, उरला और खम्हारडीह थाना क्षेत्रों में एक साथ सघन कार्रवाई की गई।

इस विशेष अभियान के दौरान कुल 196 वारंटों की तामिली की गई, जिनमें 45 स्थायी, 59 गिरफ्तारी और 92 जमानती वारंट शामिल हैं। इसके अलावा अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया। लंबित प्रकरणों में 18 मामलों में चालान भी पेश किए गए।

अलग-अलग थाना क्षेत्रों में भी पुलिस की कार्रवाई प्रभावी रही। गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में 38 वारंट तामील किए गए और 5 आरोपियों को चालान पेश करने के लिए गिरफ्तार किया गया, जबकि 3 फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पंडरी थाना ने 11 वारंट तामील कर 4 आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया। वहीं खम्हारडीह में 36 वारंटों की तामिली के साथ 24 संदिग्धों की जांच की गई और 21 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

उरला थाना क्षेत्र में 49 वारंट तामील किए गए और 2 फरार आरोपियों को पकड़ा गया। इसी दौरान उरला-बेंदरी रोड पर एक कार से करीब 60-70 किलो कॉपर कॉइल बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं अवैध हथियार के साथ एक अन्य आरोपी को भी पकड़ा गया, जिस पर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

खमतराई थाना ने सबसे ज्यादा 62 वारंट तामील किए और 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया। साथ ही आबकारी और आर्म्स एक्ट के मामलों में भी कार्रवाई की गई। 9 आरोपियों को चालान पेश करने के लिए गिरफ्तार किया गया और कई संदिग्धों पर निगरानी रखते हुए 4 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कदम उठाए गए।

पूरे अभियान के दौरान पुलिस ने बड़ी संख्या में निगरानी बदमाशों और संदिग्धों की जांच कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए।