ओम बिरला ने अविश्वास प्रस्ताव के निर्णय तक सदन में हिस्सा न लेने का लिया बड़ा फैसला

5

The Duniyadari: नई दिल्ली, 10 फरवरी। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने अपने खिलाफ संसद में विपक्ष द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय होने तक लोकसभा की कार्यवाही में शामिल न होने का ऐलान किया है। उन्होंने साफ कह दिया है कि जब तक इस प्रस्ताव पर चर्चा और निर्णय नहीं हो जाता, वे सदन की बैठकों में उपस्थित नहीं होंगे। हालांकि संसदीय नियमों में ऐसी कोई अनिवार्यता नहीं है, इसके बावजूद उन्होंने यह निर्णय व्यक्तिगत रूप से लिया है।

सूत्रों के अनुसार सरकार और विपक्ष दोनों ओर से उन्हें इस फैसले पर फिर से विचार करने के लिए मनाने की कोशिश की जा सकती है, लेकिन ओम बिरला ने अभी तक अपने निर्णय पर मजबूती से कायम रहने का संकेत दिया है।

वहीँ बजट सत्र के दूसरे भाग में 9 मार्च को विपक्ष के द्वारा राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान उठाए गए मुद्दों और इस अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है। इस प्रक्रिया के तहत कम से कम 50 सांसदों का खड़े होकर समर्थन जताना आवश्यक है, तभी पीठासीन अधिकारी इस प्रस्ताव पर औपचारिक चर्चा की मंज़ूरी दे सकते हैं।

दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी ने पहले ही स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस लोकसभा सचिवालय को सौंप दिया है। कांग्रेस का आरोप है कि संसद में उन्होंने विपक्षी सदस्यों के बोलने के अधिकार को सीमित किया और कुछ सांसदों को निलंबित कराने जैसे कदम उठाए गए, जिससे पक्षपातपूर्ण स्थिति बन रही है।