The Duniyadari: बिलासपुर- शहर के कंपनी गार्डन स्थित विवेकानंद उद्यान में शुक्रवार सुबह अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने लोगों पर हमला कर दिया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में 25 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत उपचार के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कई लोगों के चेहरे, कान और शरीर के अन्य हिस्सों में सूजन और दर्द की शिकायत बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार सुबह के समय बड़ी संख्या में लोग रोजाना की तरह सैर, पूजा-पाठ और व्यायाम के लिए गार्डन पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियां आक्रामक हो गईं और लोगों पर हमला कर दिया। स्थिति ऐसी बन गई कि लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। भगदड़ के दौरान कुछ लोग गिर भी पड़े, जिससे उन्हें अतिरिक्त चोटें आईं। कई लोग गोल बाजार और संतोष भवन की ओर भागते हुए दिखाई दिए।
घायलों में नरेश घेलानी, रामकुमार डोडवानी, अशोक टेकचंदानी और श्रीचंद नेहलानी सहित कई लोग शामिल हैं। ये सभी सरकंडा, सिंधी कॉलोनी और मसानगंज क्षेत्र से सुबह की सैर के लिए गार्डन पहुंचे थे।
घटना को लेकर अलग-अलग कारण सामने आ रहे हैं। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि किसी ने मधुमक्खियों के छत्ते से छेड़छाड़ कर दी, जिससे वे भड़क गईं। वहीं कुछ लोगों ने तेज आवाज में बज रहे गाने को भी मधुमक्खियों के आक्रामक होने की वजह बताया। उद्यान प्रभारी श्रीकांत नायर के अनुसार पेड़ के नीचे जलाए गए घी के दीपक से उठे धुएं के कारण मधुमक्खियां उत्तेजित हो गईं। उन्होंने बताया कि पहले भी लोगों को वहां दीपक जलाने से मना किया गया था।
उद्यान प्रबंधन ने माना कि गार्डन में लगे मधुमक्खियों के छत्तों को हटाने के लिए कोई स्थायी व्यवस्था नहीं है। पहले भी इस समस्या के समाधान के प्रयास किए गए, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। नागरिकों ने गार्डन में सुरक्षा बढ़ाने, नियमित निरीक्षण और संभावित खतरों को समय रहते दूर करने की मांग की है।
फिलहाल प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही है।















