Thursday, March 26, 2026
Home Breaking कक्षा में प्रोफेसर ने छात्रा को कहा “आई लव यू”, बवाल के...

कक्षा में प्रोफेसर ने छात्रा को कहा “आई लव यू”, बवाल के बाद छात्रों ने कर दी पिटाई

14

The Duniyadari: बेंगलुरु-  कर्नाटक के बेंगलुरु ग्रामीण क्षेत्र में स्थित एक मेडिकल कॉलेज में उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक प्रोफेसर ने कक्षा के दौरान ही एमबीबीएस की छात्रा को कथित तौर पर ‘आई लव यू’ कहकर शादी का प्रस्ताव दे दिया। घटना के बाद नाराज छात्रों ने प्रोफेसर को घेर लिया और उनकी पिटाई कर दी। मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बताया जा रहा है कि यह मामला नेलमंगला के पास टी. बेगुर स्थित श्री सिद्धार्थ इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च सेंटर का है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मोहम्मद नाम के प्रोफेसर ने क्लास के बीच में एक छात्रा का नाम लेकर उसे शादी के लिए प्रपोज कर दिया। अचानक हुई इस घटना से कक्षा में मौजूद छात्र-छात्राएं हैरान रह गए।

छात्रा ने इस पर आपत्ति जताते हुए प्रोफेसर से कहा कि यदि उन्हें कुछ कहना है तो प्राचार्य के सामने कहें। इसके बाद प्रोफेसर ने छात्रा पर आरोप लगाया कि उसने पहले उन्हें ‘आई लव यू’ कहा था और शादी का प्रस्ताव रखा था। छात्रा ने इन आरोपों से साफ इनकार कर दिया।

विवाद बढ़ता देख प्रोफेसर कक्षा से बाहर निकल गए। इसी दौरान छात्रा ने अपने सहपाठियों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद कुछ छात्रों ने कॉलेज परिसर में प्रोफेसर को घेर लिया और चप्पलों तथा लात-घूसों से उनकी पिटाई कर दी।

घटना का वीडियो सामने आने के बाद कॉलेज प्रशासन और पुलिस मामले की जांच में जुट गए हैं। फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम को लेकर कॉलेज में तनाव का माहौल बना हुआ है।