Tuesday, March 24, 2026
Home कोरबा कटघोरा–तानाखार मार्ग पर दर्दनाक सड़क दुर्घटना, एक की मौत, चार की हालत...

कटघोरा–तानाखार मार्ग पर दर्दनाक सड़क दुर्घटना, एक की मौत, चार की हालत नाजुक

38

The Duniyadari : कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में शनिवार को तानाखार मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर दिया। तेज रफ्तार अल्टो कार और डीजल टैंकर की आमने-सामने भिड़ंत में कार सवार एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही जान चली गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि अल्टो कार में कुल पांच लोग सफर कर रहे थे। इनमें दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल थे, जो सूरजपुर जिले से इलाज के उद्देश्य से बिलासपुर की ओर जा रहे थे। तानाखार के समीप सामने से आ रहे डीजल टैंकर से कार की जोरदार टक्कर हो गई, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में सूरजपुर निवासी अजहर शेख की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं शाबिया, शबाना, तौकीर अहमद सहित एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में फंसे मृतक को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

सूचना मिलते ही कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। घायलों को तत्काल एंबुलेंस और निजी वाहनों से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों ने सभी की हालत चिंताजनक बताई है और जरूरत पड़ने पर उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा जा सकता है।

दुर्घटना के बाद तानाखार मार्ग पर करीब आधे घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पुलिस ने मौके पर यातायात बहाल कराते हुए हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।