The Duniyadari: कोरबा (छत्तीसगढ़)। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद के बीच एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। वारदात के बाद फरार हुए आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक ढेलवाडीह गायत्री बस्ती निवासी तुलसी यादव (37) और उसकी पत्नी रंजना यादव (35) की शादी करीब 18 साल पहले हुई थी। संतान न होने को लेकर दोनों के बीच अक्सर तनाव रहता था। साथ ही आरोपी अपनी पत्नी पर शक भी करता था, जिससे विवाद बढ़ता रहता था।
बताया जा रहा है कि हाल ही में रंजना अपने मायके मेले में गई थी, जहां उसका पति भी पहुंचा। घर लौटने के बाद शनिवार शाम किसी पुरानी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ। इसी दौरान गुस्से में आकर तुलसी यादव ने फावड़े से पत्नी पर कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
शोर सुनकर परिवार के लोग पहुंचे और घायल महिला को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग निकला था।
सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सोमवार को पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
































