Thursday, March 19, 2026
Home देश कटौती से परेशान किसान बिजली कंपनी के दफ्तर में मगरमच्छ लेकर पहुंचे,...

कटौती से परेशान किसान बिजली कंपनी के दफ्तर में मगरमच्छ लेकर पहुंचे, आफिस छोड़कर भागे अफसर

200

विजयपुरा। Karnataka: कर्नाटक के विजयपुरा में एक अजीब मामला सामने आया है। यहां के किसान बिजली कटौती से परेशान होकर अपना विरोध जताने सरकारी हुबली बिजली आपूर्ति कंपनी (हेसकॉम) के कार्यालय में मगरमच्छ को लेकर पहुंच गए। आफिस में किसानों के साथ मगरमच्छ देखकर अधिकारी आफिस छोड़कर भाग खड़े हुए। दरअसल पिछले सप्ताह एक किसान को उसके खेत में एक मगरमच्छ दिखा। किसान देर रात बिजली आने के बाद फसलों को पानी देने गया था। ग्रामीणों ने बताया कि मगरमच्छ पास की कृष्णा नदी से शिकार की तलाश में आया होगा।

 

 

इसके बाद किसान ने तुरंत साथी ग्रामीणों को बुलाया जिन्होंने मगरमच्छ को बांध दिया और 19 अक्टूबर को खतरे का आभास कराने के लिए हेसकॉम के कार्यालय ले गए। मगरमच्छ को देखकर हेसकॉम के अधिकारी डर गए और उन्होंने पुलिस एवं वन अधिकारियों को सूचना दी। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि वे सुनिश्चित करेंगे कि दिन के समय कोई बिजली कटौती न हो।

 

 

 

वन अधिकारियों ने बाद में मगरमच्छ को अलमाटी बांध में छोड़ दिया। वहीं कृषि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस साल कम बारिश होने की वजह से कृषि गतिविधियां बाधित हुई हैं। उन्होंने कहा कि बांधों में इतना पानी ही नहीं है कि सिंचाई के वास्ते पानी छोड़ा जा सके।किसान अपने खेत की सिंचाई के लिए बोरवेल पर निर्भर हैं। कृषि के लिए बिजली के अधिक उपयोग के कारण बिजली की किल्लत हो जाती है।