The Duniyadari: Janjgir-Champa जिले के ग्राम उदयबंद में आयोजित एक कथित धार्मिक सभा को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। हिंदू जागरण मंच की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक पास्टर और एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार शिकायत में आरोप लगाया गया था कि गांव के गुड़ीपारा क्षेत्र स्थित एक मकान में चंगाई सभा आयोजित की जा रही थी। सभा में शामिल लोगों को बीमारियों से मुक्ति और चमत्कारी उपचार का भरोसा दिलाते हुए ईसाई धर्म का प्रचार-प्रसार किए जाने की बात कही गई। साथ ही हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने का भी आरोप लगाया गया।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। कार्रवाई के दौरान धार्मिक साहित्य, बाइबल तथा अन्य दस्तावेज जब्त किए गए। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और जब्त सामग्री के साथ-साथ सभा की गतिविधियों की भी पड़ताल की जा रही है। वहीं घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।















