Saturday, March 14, 2026
Home Breaking कबाड़ कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 9 संचालकों पर केस, 60...

कबाड़ कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 9 संचालकों पर केस, 60 टन स्क्रैप जब्त

10

The Duniyadari: दुर्ग जिले में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 कबाड़ी संचालकों पर शिकंजा कसा। संयुक्त टीम की छापेमारी में करीब 60 टन लोहे का स्क्रैप, कई वाहन, गैस कटर सेट और सिलेंडर जब्त किए गए।

जानकारी के मुताबिक एसीसीयू क्राइम ब्रांच, जामुल, सुपेला और कुम्हारी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जिले के अलग-अलग स्थानों पर एक साथ दबिश दी। पुलिस को लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि कुछ कबाड़ी संचालक अवैध रूप से स्क्रैप का भंडारण, कटिंग और बिक्री कर रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर जामुल थाना क्षेत्र के एक बड़े परिसर सहित कई जगहों पर छापेमारी की गई।

जांच के दौरान पुलिस को गोदामों में भारी मात्रा में लोहे का कबाड़ मिला, जिसमें पाइप, चैनल, लोहे के दरवाजे, रॉड और मशीनों के कल-पुर्जे शामिल थे। इसके अलावा लगभग 200 किलो तांबा, गैस कटर सेट और गैस सिलेंडर भी बरामद किए गए। पुलिस ने जब संचालकों से स्क्रैप से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे तो वे कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर पाए। इसके बाद पूरे माल को जब्त कर लिया गया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने स्क्रैप ढोने में इस्तेमाल होने वाले ट्रक और छोटे मालवाहक वाहनों को भी अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस का कहना है कि जिले में चोरी के वाहनों और स्क्रैप को अवैध रूप से खपाने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं, जिसे देखते हुए यह अभियान चलाया गया।

एएसपी दुर्ग-भिलाई मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों पर सख्त नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि चोरी के स्क्रैप और अवैध कबाड़ कारोबार को खत्म करने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई करेगी। सभी 9 संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार इतनी बड़ी मात्रा में स्क्रैप और वाहनों की जब्ती जिले में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। इस अभियान से अवैध कारोबार करने वालों को सख्त संदेश गया है कि कानून से बचना अब आसान नहीं होगा।