The Duniyadari : कवर्धा। नकली शराब निर्माण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में कबीरधाम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिले में पकड़े गए गिरोह की कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस अब अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय सप्लायरों तक पहुंच चुकी है। पुलिस की विशेष टीम ने झारखंड के जमशेदपुर में दबिश देकर दो प्रमुख सप्लायर—राकेश कोहली (39) और मोहन प्रसाद गुप्ता (67) को गिरफ्तार किया है।

जांच में सामने आया कि ये आरोपी कानूनी व्यापार की आड़ में बड़े पैमाने पर स्पिरिट की सप्लाई करते थे, जिसे बाद में अवैध शराब बनाने वाले गिरोहों को भेजा जाता था। मोहन गुप्ता फर्नीचर पॉलिश व्यवसाय का मुखौटा बनाकर कोलकाता के केमिकल डीलरों से स्पिरिट मंगवाता था और इसे झारखंड-छत्तीसगढ़ के नेटवर्क तक पहुंचाता था। वहीं राकेश कोहली नकली इंग्लिश शराब तैयार कर विभिन्न क्षेत्रों में उसकी सप्लाई संभालता था।
यह खुलासा तब हुआ जब पोड़ी इलाके में नकली देशी शराब फैक्ट्री पकड़े जाने पर आरोपियों से पूछताछ में पूरे नेटवर्क के सूत्र मिले। इससे पहले पुलिस नंद कुमार, इस्लाम उर्फ सुद्दू, शेख साजिद, छोटू और ईदरिस खान उर्फ पिंटू को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें ईदरिस को पूरे ऑपरेशन का मास्टरमाइंड माना जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि कॉल डिटेल, लोकेशन, वित्तीय लेनदेन और डिजिटल ट्रेल की गहन पड़ताल के बाद टीम ने झारखंड में छिपे दोनों सप्लायरों को पकड़ा। इस कार्रवाई में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कबीरधाम पुलिस का कहना है कि यह अभियान जिले में स्पष्ट संदेश देता है कि नकली शराब और जनस्वास्थ्य से जुड़े किसी भी अपराध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस अब इस नेटवर्क के बाकी सदस्यों की पहचान में जुटी है और जल्द ही पूरे गिरोह का सफाया करने की तैयारी है।
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध शराब के बारे में तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि ऐसे अपराधिक नेटवर्कों को पूरी तरह खत्म किया जा सके।
































